साल 2025 में पाकिस्तान दुनिया का सबसे ज्यादा प्रदूषित देश रहा। प्रदूषण पर जारी IQAir की सालाना रिपोर्ट मंगलवार को जारी हुई है। इसमें बताया गया है कि पाकिस्तान में PM 2.5 कणों का स्तर WHO के तय मानक से 13 गुना तक ज्यादा रहा। IQAir की रिपोर्ट में बताया गया कि 143 देशों में से 130 देश WHO के प्रदूषण मानकों को पूरा नहीं कर पाए। रिपोर्ट के मुताबिक सबसे प्रदूषित देशों की लिस्ट में बांग्लादेश दूसरे और ताजिकिस्तान तीसरे स्थान पर रहे। 2024 में सबसे प्रदूषित देश रहा चाड 2025 में चौथे स्थान पर खिसक गया। शहरों की बात करें तो भारत का लोनी सबसे प्रदूषित शहर रहा, इसके बाद चीन का होतान दूसरे स्थान पर रहा। इस लिस्ट में दुनिया के सबसे ज्यादा प्रदूषित 25 शहर भारत, पाकिस्तान और चीन के ही हैं। सिर्फ 14% शहर ही WHO के मानक पर खरे उतरे, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 17% था। 10 सबसे प्रदूषित देश अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… रूस ने यूक्रेन पर रातभर में 400 ड्रोन दागे, 4 लोगों की मौत, 27 घायल रूस ने मंगलवार को यूक्रेन पर बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला किया, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई और कम से कम 27 लोग घायल हुए। यूक्रेन की वायुसेना के मुताबिक, रूस ने रातभर में करीब 400 ड्रोन दागे, जो हाल के हफ्तों के सबसे बड़े हमलों में से एक है। इसके अलावा 23 क्रूज मिसाइल और 7 बैलिस्टिक मिसाइलें भी दागी गईं, जिनसे देश के कई इलाकों को निशाना बनाया गया। राजधानी कीव पर दिन में भी ड्रोन हमले हुए। यूक्रेन के सेना प्रमुख ओलेक्सांद्र सिरस्की ने कहा कि रूस कई मोर्चों पर एक साथ हमला कर रहा है और नई सैन्य कार्रवाई की तैयारी में है। करीब 1,250 किलोमीटर लंबी सीमा पर लड़ाई जारी है। रूस पहले ही यूक्रेन के लगभग 20% हिस्से पर कब्जा कर चुका है, जिसमें क्रीमिया भी शामिल है। वहीं, यूक्रेन भी ड्रोन हमलों से जवाब दे रहा है और अपने सहयोगी देशों से एयर डिफेंस सिस्टम की मांग कर रहा है। अमेरिका के टेक्सास में तेल रिफाइनरी में भीषण आग, हीटर में विस्फोट से हादसा अमेरिका के टेक्सास राज्य के पोर्ट आर्थर शहर में स्थित वैलेरो ऑयल रिफाइनरी में सोमवार रात बड़ा धमाका हुआ, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गई और आसमान में काला धुआं फैल गया। रिपोर्ट के मुताबिक, आसपास के लोगों ने तेज धमाके की आवाज सुनी, जिससे उनके घर हिल गए। इसके बाद इमरजेंसी टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। यह रिफाइनरी रोजाना करीब 4.35 लाख बैरल कच्चे तेल को प्रोसेस कर पेट्रोल, डीजल और जेट फ्यूल बनाती है। अधिकारियों के अनुसार, यह विस्फोट एक हीटर में खराबी के कारण हुआ। घटना के बाद शहर के पश्चिमी हिस्से में ‘शेल्टर-इन-प्लेस’ आदेश जारी किया गया है। लोगों को घरों के अंदर रहने, दरवाजे-खिड़कियां बंद रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। हालांकि, अब तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है।









