‘चित्रपताका’ में विभिन्न संवाद सत्रों के माध्यम से होगा सिने-मंथन!
मुंबई प्रतिनिधि – गणेश तळेकर
- वरिष्ठ अभिनेता मोहन आगाशे, सचिन पिलगांवकर और वरिष्ठ अभिनेत्री शुभा खोटे के विशेष साक्षात्कार महोत्सव के मुख्य आकर्षण
- मराठी सिनेमा के वर्तमान से भविष्य तक की पड़ताल करने वाले सत्र; 7 परिचर्चाएं, 3 विशेष साक्षात्कार और 7 कार्यशालाओं का आयोजन
- संवाद सत्रों के जरिए जाने-माने अभिनेता, निर्देशक, निर्माता, लेखक और फिल्म समीक्षक करेंगे दर्शकों से संवाद
मुंबई (शुक्रवार, 13 नवंबर 2026) : मराठी फिल्मों का आनंद लेने के साथ-साथ मराठी फिल्म उद्योग के बदलते रुझानों, नए प्रयोगों, चुनौतियों और भविष्य के अवसरों पर होने वाले सिने-मंथन में भाग लेने का अवसर सिनेप्रेमियों को महाराष्ट्र सरकार के आधिकारिक मराठी फिल्म महोत्सव ‘चित्रपताका–2026’ के माध्यम से मिलने जा रहा है। 15 से 18 नवंबर के दौरान प्रभादेवी स्थित पु. ल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी परिसर में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में 7 परिचर्चाएं (सेमिनार), 3 विशेष साक्षात्कार और 7 कार्यशालाएं होंगी। इनमें वरिष्ठ अभिनेता मोहन आगाशे, सचिन पिलगांवकर और वरिष्ठ अभिनेत्री शुभा खोटे के साथ होने वाला संवाद इस वर्ष के महोत्सव का प्रमुख आकर्षण है।
महाराष्ट्र सरकार के सांस्कृतिक कार्य विभाग के मार्गदर्शन में महाराष्ट्र फिल्म, रंगमंच एवं सांस्कृतिक विकास महामंडल द्वारा आयोजित इस चार दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन रविवार, 15 नवंबर को राज्य के सांस्कृतिक कार्य मंत्री एड. आशीष शेलार के करकमलों द्वारा होगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्य विभाग के सचिव डॉ. किरण कुलकर्णी, महामंडल की प्रबंध निदेशक स्वाती म्हसे-पाटील सहित फिल्म जगत की प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहेंगी। महोत्सव के विभिन्न संवाद सत्रों में मराठी फिल्म उद्योग के प्रतिष्ठित कलाकार, निर्देशक, निर्माता, लेखक, विज्ञापन विशेषज्ञ और फिल्म अध्येता भाग लेंगे, जहां मराठी सिनेमा के विविध पहलुओं पर गहन चर्चा और विचार-मंथन होगा।
ग्रामीण महाराष्ट्र के नए फिल्मकर्मियों को मंच
16 नवंबर को ‘गावकुसातला मराठी सिनेमा’ (ग्रामीण परिवेश का मराठी सिनेमा) परिचर्चा के साथ इस विचार-मंथन की शुरुआत होगी। पुणे-मुंबई से परे ग्रामीण महाराष्ट्र से उभरने वाले नए निर्देशकों द्वारा मराठी सिनेमा को दी गई नई दिशा, उनके कथा विषय, सिनेमाई भाषा, अनुभव और भविष्य की संभावनाओं पर इस सत्र में चर्चा होगी। इसमें हरीश इथापे, मंगेश बदर, रावबा गजमल, शेखर रणखांबे और विजय कलमकर भाग लेंगे, जबकि अभिनेता संदीप पाठक इसका संचालन करेंगे। इसी दिन ‘तिचं ‘नायिका’ होणं!’ (उसका ‘नायिका’ होना) परिचर्चा के माध्यम से मराठी फिल्मों में स्त्री छवि की बदलती यात्रा को दर्शाया जाएगा। ‘भूमिकाओं की समझ और ‘स्व’ की पहचान’ इस केंद्रीय संकल्पना पर आधारित चर्चा में अभिनेत्री अलका कुबल, वर्षा उसगांवकर, छाया कदम, सायली संजीव और प्राजक्ता माली शामिल होंगी।
17 नवंबर को ‘ऐडगुरुओं की सलाह…’ (ॲडगुरूंचा सल्ला…) परिचर्चा आयोजित होगी, जिसका विषय मराठी सिनेमा का विज्ञापन, विपणन (मार्केटिंग) और प्रचार तंत्र है। इसमें भरत दाभोलकर, रवि जाधव, ज्योति देशपांडे, राज कांबले और सुनील महाडिक भाग लेंगे, तथा निर्देशक विजू माने इसका संचालन करेंगे। 17 नवंबर को ही ‘मराठी सिनेमा पैलतिरावरून…’ (दूसरे छोर से मराठी सिनेमा) परिचर्चा भी होगी। गैर-मराठी भाषी फिल्मकर्मियों की नजर से मराठी सिनेमा का स्थान, इसकी विशेषताएं और अन्य क्षेत्रीय फिल्म उद्योगों की तुलना में इसकी स्थिति पर केंद्रित इस चर्चा में नितिन कक्कड़, अमित राय और सूरज सिंह भाग लेंगे, और नरेंद्र बंडबे इसका संचालन करेंगे। इसके अलावा, ‘आज का मराठी सिनेमा’ परिचर्चा में वर्तमान मराठी सिनेमा के समक्ष मौजूद महत्वपूर्ण प्रश्नों पर मंथन होगा। इसमें सुहृद गोडबोले, अमृता राव, दिग्पाल लांजेकर, आदित्य सरपोतदार और प्रवीण तरडे हिस्सा लेंगे, जबकि सिनेपत्रकार सौमित्र पोटे इस सत्र का संचालन करेंगे। 
साहित्य, सिनेमा और ओटीटी की नई संभावनाएं
18 नवंबर को होने वाली ‘साहित्य से सिनेमा’ परिचर्चा में बदलते समय के अनुसार साहित्य और सिनेमा के आपसी संबंधों को मिलने वाली नई दिशा पर विस्तार से चर्चा होगी। इसमें लेखक श्रीकांत बोजेवार, निर्देशक सुजय डहाके और लेखिका-कलाकार श्वेता पेंडसे भाग लेंगी, तथा लेखक अरविंद जगताप संचालन करेंगे। इसी दिन ‘ओटीटी पर मराठी हो!’ (ओटीटीवरी मराठी असावे!) परिचर्चा में डिजिटल माध्यमों से बदले फिल्म वितरण, स्वतंत्र मराठी ओटीटी प्लेटफार्मों के उदय, बदलते व्यावसायिक समीकरणों और दर्शकों की बदलती आदतों की पड़ताल की जाएगी। इसमें निर्देशक केदार शिंदे, निखिल साने, सारंग साठ्ये, राजेश पाठक और विराज चव्हाण सहभागी होंगे, और अमोल परचुरे इसका संचालन करेंगे।
अनुभवी कलाकारों के विशेष साक्षात्कार
परिचर्चाओं के साथ-साथ फिल्म जगत के दिग्गजों के करियर, अनुभवों और कला यात्रा को जानने वाले तीन विशेष साक्षात्कार भी महोत्सव का मुख्य आकर्षण होंगे। 16 नवंबर को वरिष्ठ अभिनेता, निर्देशक और निर्माता सचिन पिलगांवकर का ‘हाच माझा मार्ग…’ (यही मेरा मार्ग है…) सत्र में विशेष साक्षात्कार होगा। 17 नवंबर को वरिष्ठ अभिनेत्री शुभा खोटे से संवाद किया जाएगा। छह दशकों से अधिक समय तक अपने सहज अभिनय और सटीक कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का मनोरंजन करने वाली शुभा खोटे के हिंदी-मराठी फिल्मों के करियर की यादें और अनुभव इस साक्षात्कार में जानने को मिलेंगे। वहीं, 18 नवंबर को वरिष्ठ अभिनेता डॉ. मोहन आगाशे के विशेष साक्षात्कार में रंगमंच से लेकर फिल्म जगत तक की उनकी लंबी यात्रा पर संवाद किया जाएगा।
कार्यशालाओं से मिलेंगे सिने-कौशल के पाठ
इसके अलावा महोत्सव में 7 विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें निर्देशक ओम राउत भव्य फिल्में बनाने के अपने अनुभव साझा करेंगे, जबकि निर्देशक उमेश कुलकर्णी वैश्विक क्षितिज पर मराठी सिनेमा की स्थिति का आकलन करेंगे। इसके अतिरिक्त, सिनेमा की ध्वनि एवं संगीत विषय पर साउंड डिजाइनर मंदार कमलापुरकर, नृत्य निर्देशन पर फुलवा खामकर, छायांकन (सिनेमैटोग्राफी) पर महेश अणे और सिनेमा में एआई (AI) के तकनीकी इस्तेमाल पर तेजस देऊस्कर की कार्यशालाएं होंगी। वहीं, मीडियाकर्मियों और फिल्म लेखन में रुचि रखने वालों के लिए फिल्म अध्येता मिलिंद दामले की ‘माध्यम’ के जरिए सिनेमा का परिचय कराने वाली विशेष कार्यशाला भी आयोजित की गई है।
फिल्मों के प्रदर्शन के साथ-साथ उनके पीछे की रचनात्मक प्रक्रिया, कलाकारों के अनुभव, फिल्म व्यवसाय में हो रहे बदलावों और मराठी सिनेमा के भविष्य पर खुला संवाद करने वाले इन सत्रों से फिल्मप्रेमियों, अध्येताओं, छात्रों और नवोदित फिल्मकर्मियों को नए विचार, अनुभव और प्रेरणा मिलेगी। महोत्सव के लिए पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) https://tktplz.events/gject6-chitrapataka-marathi-film-festival वेबसाइट लिंक पर किया जा सकता है। महामंडल की प्रबंध निदेशक स्वाती म्हसे-पाटील ने अपील की है कि अधिक से अधिक सिनेप्रेमी इस सिने-मंथन में भाग लें।
…………………….
जनसंपर्क विभाग दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी प्रेस विज्ञप्ति (वृत्तनिवेदन) 168/2026